सोनीपत। ककरोई स्थित एक निजी स्कूल में नर्सरी के पांच वर्षीय छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। गांव भदाना निवासी वंदना ने स्कूल संचालक की पत्नी पर बेटे की पिटाई करने का आरोप लगाया है। बच्चे का परिजनों ने नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया।
महिला का आरोप है कि वह खुद भी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनका पांच साल का बेटा उनके पास आने की जिद कर रहा था। इसी दौरान स्कूल संचालक की पत्नी ने बच्चे की पिटाई कर दी। बच्चे की पीठ, कमर, मुंह और कान पर चोट के निशान मिले हैं।
उन्होंने बताया कि दाखिले के समय स्कूल प्रबंधन को बच्चे की चिकित्सकीय स्थिति से अवगत कराया गया था और मारपीट नहीं करने का आग्रह किया गया था। घटना के बाद बच्चे का जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया गया। सदर थाना प्रभारी सुखबीर ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।