सोनीपत। अघोषित बिजली कटौती और पेयजल संकट से परेशान आर्य नगर व काठ मंडी के लोगों ने वीरवार को प्रदर्शन किया। क्षेत्रवासियों ने दोपहर करीब 12 बजे पुराने रोहतक रोड पर जाम लगाया। उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने नियमित बिजली और पानी की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कई दिनों से लगातार बिजली कटौती हो रही है। बिजली न होने मोटरें नहीं चल पा रही हैं। लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
विज्ञापन
उनका आरोप था कि संबंधित विभाग समस्या के समाधान की ओर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। जाम लगने से पुराने रोहतक रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यातायात बाधित होने से मिशन चौक की ओर जाने वाले रेलवे ओवरब्रिज पर भी दबाव बढ़ गया। पुलिस ने एहतियातन मिशन चौक की ओर से आरओबी पर वाहनों की आवाजाही रोक दी।
सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी अशोक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। थाना प्रभारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाने का भरोसा दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने करीब पौने घंटे बाद जाम समाप्त कर दिया।
दोपहर करीब 12:40 बजे यातायात बहाल हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली और पेयजल संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में इससे भी बड़ा आंदोलन करेंगे।।