फोटो : 17: सोनीपत के थाना गन्नौर पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी। स्रोत पुलिस
गन्नौर। एक साल पहले युवक की हत्या कर शव नाले में फेंकने के मामले में मृतक की पत्नी व प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है, आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। इससे वारदात की साजिश का खुलासा हो सकेगा। मामले में मुख्य आरोपी की तलाश की जाएगी।
10 जुलाई 2024 को गुरुकुल के पास स्थित नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला था। शव के शरीर पर कपड़े ढके हुए थे और दोनों पैर बंधे हुए थे। बाद में मृतक की पहचान प्रीतम प्रकाश निवासी आंबेडकर कॉलोनी, अलीपुर, दिल्ली के रूप में हुई।
करीब एक साल की जांच के बाद इस मामले में प्रीतम की पत्नी सोनिया और उसके प्रेमी रोहित उर्फ छोटू निवासी गांव जाजी, जिला सोनीपत को गिरफ्तार किया गया है। रोहित टैक्सी ड्राइवर है। सोनिया उससे प्यार करने लगी। आरोप है कि बाद में सोनिया ने प्रीतम को रास्ते से हटाने के लिए अपनी बहन के देवर गांव गुमड़ निवासी विजय से उसकी हत्या करा दी थी।
पुलिस ने बुधवार को दोनों को कोर्ट में पेश किया। एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि दोनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिससे उनके विरुद्ध साक्ष्य जुटाए जा सकें।