वेस्ट रामनगर में लोगों की समस्याएं सुनते विधायक सुरेंद्र पंवार। संवाद
सोनीपत। विधायक सुरेंद्र पंवार ने रविवार को वार्ड नंबर-16 स्थित वेस्ट रामनगर गली नंबर-3 में जनसमस्याएं सुनीं।
लोगों का कहना कि तीन दिन से उनकी गली में पानी नहीं आ रहा है, जिसके चलते उनको परेशानी हो रही है। अधिकारियों से शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। इस पर विधायक ने निगम अधिकारियों को फोन कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। कॉलोनी के लोगों ने विधायक को बताया कि उनकी गली में तीन दिन से पानी नहीं आ रहा है। मौके पर पहुंचे पर्यवेक्षक ने बताया कि इस गली में घर अंतिम छोर पर होने की वजह से पेयजल की आपूर्ति बाधित रहती है। विधायक ने मौके पर निगम के कार्यकारी अभियंता निजेश कुमार को फोन कर पेयजल समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि वह एक सप्ताह बाद दोबारा गली में पहुंचकर पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जांच करेंगे। कार्यकारी अभियंता निजेश कुमार का कहना है कि सेक्टर-23 के पास महलाना रोड पर पानी की लाइन दो बार लीक होने के चलते आधे शहर में पानी की आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। लाइन की मरम्मत के बाद शुक्रवार रात से ही पानी की आपूर्ति दोबारा शुरू कर दी गई है।