फोटो: सोनीपत शहर में चलाए गए स्वच्छता अभियान के दौरान कूड़ा उठाते मेयर राजीव जैन। स्राेत:प्रव
सोनीपत। नगर निगम की चेतावनी के बाद कूड़ा निस्तारण का काम देख रही जेबीएम कंपनी ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण का ठेकेदार बदल दिया है। नए ठेकेदार ने सफाई कर्मचारियों और वाहनों को काम पर लगा दिया है। पिछले दो दिनों में 300 टन से अधिक कूड़ा वेस्ट टू एनर्जी प्लांट पहुंचाया गया।
एक सप्ताह से वेतन नहीं मिलने के कारण कूड़ा उठाने वाले वाहनों के चालक हड़ताल पर थे। इससे शहर के कई हिस्सों में कूड़े के ढेर लग गए थे। मामले को लेकर मेयर राजीव जैन ने कंपनी अधिकारियों को तलब कर व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि एक सप्ताह में स्थिति नहीं सुधरी तो कंपनी का अनुबंध रद्द करने की सिफारिश सरकार को भेजी जाएगी।
110 वाहनों की जरूरत, चल रहे थे 60
मेयर ने बताया कि घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए 110 वाहनों की जरूरत है, लेकिन लंबे समय से करीब 60 वाहन ही चल रहे थे। इसके कारण कई गली-मोहल्लों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नहीं पहुंच रही थीं। कूड़ा प्लांट तक नहीं पहुंचने से वेस्ट टू एनर्जी प्लांट में बिजली उत्पादन भी प्रभावित हुआ। नए ठेकेदार ने एक सप्ताह में सभी 110 वाहन चलाने का आश्वासन दिया है।
लगातार 50वें सप्ताह चला स्वच्छता अभियान
मेयर राजीव जैन ने शनिवार को सेक्टर-12 पावर हाउस (मटका चौक) से आईटीआई चौक तक स्वच्छता अभियान चलाया। यह अभियान लगातार 50वें सप्ताह आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।