सोनीपत। कच्चे क्वार्टर बाजार में एक सर्राफ की दुकान पर पिस्तौल लेकर लूटपाट करने आए युवक से दुकानदार भिड़ गया। दुकानदार ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी से पिस्तौल छीन ली। इस पर आरोपी ने बैग से हथौड़ा निकालकर हमले का प्रयास किया, तब तक भीड़ ने उसे दबोच लिया। पकड़े जाने पर आरोपी ने जहर निगल लिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पूरी वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी नकली पिस्तौल लेकर वारदात करने आया था। पुलिस को हथौड़ा और दरांतीनुमा हथियार भी मिला है।
माॅडल टाउन निवासी अमरजीत नाहल ने बताया कि उनकी कच्चे क्वार्टर में सोना ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार दोपहर दुकान वह पर बैठे थे। इसी दौरान उनकी दुकान में एक व्यक्ति आया। वह चेहरे पर मास्क लगाए था। उसने कहा कि उसे बेटी की शादी में दामाद को सोने की चेन देनी है। इस पर उन्होंने 14 ग्राम की सोने की चेन दिखाई तो उसने ज्यादा वजन की चेन देने के लिए कहा। इस पर उन्होंने कहा कि ज्यादा वजन की चेन बनवानी पड़ेगी। इस पर व्यक्ति ने बैग से पिस्तौल निकाल ली और कारिंदे से बैग में आभूषण डालने को कहा। इसी बीच अमरजीत ने हिम्मत दिखाई और काउंटर से छलांग लगाकर आरोपी से पिस्तौल छीन ली। इस पर आरोपी ने बैग से हथौड़ा निकालकर हमले का प्रयास किया। तब तक भीड़ अंदर आ गई। पकड़े जाने पर आरोपी ने शीशी निकालकर जहर निगल लिया। आरोपी को लोग अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
दिल्ली के नरेला का रहने वाला था आरोपी
पुलिस ने बताया है कि आरोपी की पहचान दिल्ली के नरेला स्थित गांव बांकनेर निवासी मनोज वर्मा (40) के रूप में हुई। वह खुद भी स्वर्णकार था और बांकनेर में दुकान चलाता था। उसके परिवार में पत्नी व दो बेटे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी पर काफी कर्ज हो गया था। परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से भी परेशान चल रहा था। वह सोनीपत कैसे पहुंचा? इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
व्यापारी बोले स्वर्णकार को किया जाए सम्मानित
जिला व्यापार मंडल ने प्रशासन से सोना ज्वेलर्स के मालिक अमरजीत नाहल को सम्मानित करने की मांग की है। उनका कहना है कि अमरजीत नाहल की हिम्मत के चलते ही लूटपाट की वारदात नहीं हो सकी। प्रधान संजय सिंगला, चेयरमैन संजय वर्मा व कच्चे क्वार्टर मार्केट प्रधान राकेश चोपड़ा ने कहा कि प्रशासन को साहसी लोगों को सम्मानित करना चाहिए।
वर्जन -
-स्वर्णकार की दुकान में लूट का प्रयास किया गया है। आरोपी के पास से नकली पिस्तौल मिली है। शव का पोस्टमार्टम शनिवार को कराया जाएगा। स्वर्णकार के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-सतबीर सिंह, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सोनीपत।