सोनीपत। गोहाना इलाके के गांव लाठ निवासी युवक से मारपीट की घटना सामने आई है। खानपुर पीजीआईएमएस में रेफर किए गए दीपक ने बताया कि यह हमला उधार दिए रुपये वापस मांगने पर किया गया है। थाना सदर गोहाना की पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर मौके का मुआयना किया व आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस को दीपक ने बताया कि गांव के रोहित को उसकी शादी में जरूरत पड़ने पर डेढ़ लाख रुपये उधार दिए थे। अब वह न सिर्फ पैसे लौटाने से मना कर रहा है बल्कि धमकी भी दे रहा है। रविवार रात करीब पौने 8 बजे वह खानपुर से लौट रहे थे तो ककाना रोड पर एक सेंट्रो और एक आई-20 कार को आगे-पीछे लगाकर रास्ता रोक लिया।
दोनों कार से उतरे 6-7 युवकों ने लाठी-डंडों से हमला करके बुरी तरह घायल कर दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए हमलावर कारों में बैठकर चले गए। घायल को सरकारी अस्पताल गोहाना में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बीपीएस खानपुर कलां रेफर कर दिया।
मेडिकल लीगल रिपोर्ट में डॉक्टरों ने छह चोटें दर्ज की हैं। इन्हें एक्सपर्ट ओपिनियन के बाद ‘ब्लंट’ बताया है।