फोटो 15: सोनीपत के गांव मलिकपुर-ग्यासपुर रोड पर पक कर तैयार खड़ी गेहूं की फसल। संवाद
सोनीपत। गेहूं की कटाई का सीजन शुरू हो चुका है। सोनीपत अनाज मंडी में गेहूं की आवक जारी है। बिजली निगम ने गेहूं की फसलों को आग से बचाने के लिए दिन के समय ग्रामीण और कृषि क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी है।
सरपंचों की ओर से बिजली निगम के अधिकारियों को पत्र लिखकर गांवों में दिन के समय बिजली आपूर्ति बंद करने की अनुशंसा की थी।
गेहूं की कटाई का सीजन शुरू हो गया है। खेतों में फसल पककर तैयार है। उनके ऊपर से बिजली के हाई टेंशन तार गुजरते हैं। हर साल इन तारों के आपस में टकराने व स्पार्किंग के कारण आग लगने की घटनाएं होती हैं। इसके अलावा कंबाइन से कटाई के दौरान कंबाइन तारों में उलझ जाती है। इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए बिजली निगम ने 30 अप्रैल तक दिन के समय खेतों से गुजरनी वाली लाइनों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी है।
हर साल बिजली निगम की ओर से गेहूं की फसल को बिजली के शॉर्ट सर्किट के नुकसान से बचाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति दिन के समय बंद रखी जाती है, ताकि कंबाइन चलने पर किसी किसान की फसल को बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण नुकसान न हो।
किसानों के साथ सरपंचों ने भी बिजली निगम से फसल कटाई के दौरान बिजली आपूर्ति सप्लाई बंद करने की मांग की है, जिससे कोई हादसा न हो। बिजली निगम ने किसानों को हिदायत दी है कि किसान अपने खेतों में लगे ट्रांसफार्मरों का जीओ स्विच काट कर रखें। जिससे आग की घटनाओं से बचा जा सके।
फोटो 15: सोनीपत के गांव मलिकपुर-ग्यासपुर रोड पर पक कर तैयार खड़ी गेहूं की फसल। संवाद