संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। अंतरमहाविद्यालयीय रग्बी प्रतियोगिता जीतकर लौटी टीम का स्वागत शनिवार को कन्या महाविद्यालय में किया गया। यह प्रतियोगिता रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में 24 और 25 अक्तूबर को हुई थी।
प्राचार्य डॉ. सीमांत ने बताया कि प्रतियोगिता में महाविद्यालय की टीम ने खेल का शानदार प्रदर्शन किया। महाविद्यालय की टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। रग्बी टीम इससे पहले भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी है। उन्होंने बताया कि इसी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की बदौलत महाविद्यालय की सात खिलाड़ियों का चयन महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय की टीम के लिए हुआ है। शारीरिक शिक्षा विभाग की प्रभारी डाॅ. दर्शना ने बताया कि महाविद्यालय की रग्बी टीम पहले भी खेलो इंडिया विश्वविद्यालय गेम्स में हिस्सा ले चुकी है। इस दौरान रग्बी प्रशिक्षक नरेंद्र मौजूद रहे।