फोटो 04- सोनीपत के बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की ओर से तैयार किया गया
गन्नौर। बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में करीब 11 साल बाद यहां कामगाराें को ईएसआई डिस्पेंसरी की सौगात मिलेगी। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) ने यहां 1500 मीटर जमीन पर 3 करोड़ रुपये की लागत से दो मंजिला ईएसआई डिस्पेंसरी भवन का निर्माण किया है। विभाग ने जनवरी 2026 तक काम को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। फिलहाल बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में फिलहाल 5 कमरों के अस्थाई भवन में ईएसआई डिस्पेंसरी चल रही है।
हरियाणा राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में ईएसआई के भवन निर्माण के लिए वर्ष 2014 में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग को जमीन आवंटित की थी। लंबे इंतजार के बाद विभाग ने मई 2024 में डिस्पेंसरी के निर्माण के लिए टेंडर अलॉट किया था।
नवंबर 2024 में नक्शे को मंजूरी मिलने के बाद ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू किया था। अब ईएसआई डिस्पेंसरी के भवन निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। अधिकारियों का दावा है कि ईएसआई भवन में बचे शेष कार्य जल्द पूरा कर स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया जाएगा।
करीब 12 हजार कामगारों-परिजनों को मिलेगा लाभ
डिस्पेंसरी का भवन निर्माण होने के बाद बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में करीब 10 हजार ईएसआई कार्ड धारकों सहित 12 हजार कार्यरत श्रमिकों व उनके परिजनों को लाभ मिलेगा। फिलहाल औद्योगिक क्षेत्र में पांच कमरों के एक भवन में अस्थाई तौर पर ईएसआई केंद्र चल रहा है जबकि ईएसआई के खुद के भवन निर्माण की प्रक्रिया वर्ष 2014 में प्रारंभ हो चुकी थी। मुख्यालय स्तर पर अनेक अड़चनों के चलते लंबे समय तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था।
केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की ओर से बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में ईएसआई डिस्पेंसरी भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। कुछ कार्य शेष बचे हैं, जिन्हें जल्द पूरा कर लिया जाएगा। विभाग ने जनवरी 2026 तक शेष निर्माण कार्य को पूरा करवाने का लक्ष्य रखा है। डिस्पेंसरी के नए भवन का निर्माण होने के बाद चिकित्सकों के साथ मरीजों के लिए सुविधाएं बढ़ जाएंगी।
- सतपाल सिंह, कार्यकारी अभियंता, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग