स्वर्णकार भवन का उद्घाटन करतीं मंत्री कविता जैन।
- फोटो : sonipat
कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने कहा कि हमारी सरकार में सभी को पूरी आजादी है। सरकार न किसी की गुप्त जानकारी एकत्र कर रही है और न ही किसी मंत्री का फोन टेप कराया जाता है। यह सब कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में होता रहा होगा क्योंकि उस सरकार में सभी एक-दूसरे पर शक करते थे। स्थानीय निकाय मंत्री यहां स्वर्णकार भवन का उद्घाटन करने के लिए आईं थीं। उन्होंने भवन के लिए 11 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री कविता जैन ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस सरकार में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं हुआ हो, वहां एक-दूसरे के फोन टेप कराना कोई बड़ी बात नहीं है। हमारी सरकार में ऐसी कोई परंपरा नहीं है, सभी एक-दूसरे पर भरोसा करते हैं तथा आपस में फोन पर ही बात करते हैं। इसके अलावा सभी मंत्री लोगों की फोन पर ही समस्या का समाधान करते हैं। भंडेरी की छात्रा के मामले में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है।
समाज के हर वर्ग के लिए काम कर रही हे सरकार
कविता जैन ने कहा कि प्रदेश सरकार की 70 ऐसी योजनाएं चल रही हैं, जो पिछड़े और दलित वर्ग के लिए ही हैं। मुख्यमंत्री विशेष रूप से पिछड़े वर्ग को मुख्यधारा में जोड़ने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि तत्कालीन सरकारों ने गरीबों के नाम पर जो लूट की है अब उनका हिसाब लेने के लिए प्रधानमंत्री ने नोटबंदी करके देश के लिए एक साहसिक कदम उठाया है। हालांकि इस मुहिम को सफल बनाने के लिए समाज को सहयोग करना पड़ेगा। इस मौके पर पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व पार्षद राजू विरमानी, निगरानी कमेटी के चेयरमैन गुलशन विरमानी, भाजपा के जिला अध्यक्ष धर्मबीर नांदल, स्वर्णकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चिरंजी शीलवंत, गोहाना के प्रधान हुकम सिंह वर्मा, वेदप्रकाश जैन, नरेंद्र बंसल, बाबी वर्मा, राममेहर वर्मा, जोगिंद्र वर्मा आदि मौजूद थे।