सोनीपत। ग्लॉसगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में जितने मैडल भारत के खाते में आए हैं, उनमें से 33 प्रतिशत मेडल हरियाणा के खिलाड़ी लेकर आए हैं। यह पहली बार नहीं हुआ है, हमारे खिलाड़ी हर बार शानदार प्रदर्शन करते हैं। यह हमारी सरकार की पदक लाओ पद पाओ की नीति का असर रहा है। नहीं तो हमारे यहां भी पंजाब की तरह 75 प्रतिशत से अधिक युवा नशे की गिरफ्त में होते। यह कहना है प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का। वह शुक्रवार को राई स्थित राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में आयोजित कॉमनवेल्थ खेलों में खेलने वाले खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में बोल रहे थे।
समारोह में मुख्यमंत्री हुड्डा ने पदक विजेता और कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने खिलाड़ियों को 5 लाख से 1 करोड़ तक की इनामी राशि बांटी। खिलाड़ियों को सम्मानित करने के बाद सीएम ने कहा कि हमने हमेशा ये ही सोचा है कि हरियाणा को नंबर वन कैसे बनाया जाए, इसीलिए हमने प्रयास किए हैं। हमारे प्रयास पूरी तरह से कामयाब भी हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर शिक्षा मंत्री श्रीमती गीता भुक्कल, खेल एवं युवा कार्यक्रम राज्यमंत्री सुखबीर कटारिया, मुख्य संसदीय सचिव जयवीर सिंह, राजनीतिक सलाहकार प्रो. वीरेंद्र, विधायक जगबीर मलिक, जयतीर्थ दहिया, खेल विभाग के प्रधान सचिव अमित झा, पंचायत और विकास विभाग के निदेशक नितिन यादव आदि विशेष तौर पर मौजूद रहे।
==================
5 से 1 करोड़ तक इनामी राशि
पदक विजेता कुल 21 खिलाड़ियों को 13 करोड़ से अधिक के इनाम दिए गए। स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को 1 करोड़, रजत पदक विजेता को 50 लाख एवं कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी को 25 लाख रुपये के चेक दिए गए। वहीं शूटिंग में रजत और कांस्य पदक जीतने वाले गगन नारंग को 62.50 लाख रुपये का चेक दिया गया। कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने वाले 22 खिलाड़ियों को भी 5-5 लाख रुपये दिए गए।
================
43 खिलाड़ी, 3 पैराओलंपिक
समारोह के दौरान कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक विजेता एवं हिस्सा लेने वाले कुल 43 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें से 5 गोल्ड, 13 सिल्वर और 3 कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं 22 खिलाड़ी जिन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लिया था, उन्हें भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा 3 पैराओलम्पियन को भी सम्मानित किया गया।
================
सम्मानित होने वाले पदकधारी खिलाड़ियों की सूची
खिलाड़ी पदक खेल जिला
सुशील कुमार गोल्ड कुश्ती सोनीपत
योगेश्वर दत्त गोल्ड कुश्ती सोनीपत
बबीता कुमारी गोल्ड कुश्ती भिवानी
अमित कुमार गोल्ड कुश्ती सोनीपत
विनेश फौगाट गोल्ड कुश्ती भिवानी
साक्षी मलिक सिल्वर कुश्ती रोहतक
ललिता सिल्वर कुश्ती हिसार
सत्यव्रत कादियान सिल्वर कुश्ती रोहतक
बजरंग सिल्वर कुश्ती रोहतक
गीतिका जाखड़ सिल्वर कुश्ती हिसार
संजीव राजपूत सिल्वर शूटिंग यमुनानगर
अनिता सैय्यद सिल्वर शूटिंग फरीदाबाद
गुरपाल सिंह सिल्वर शूटिंग फतेहबाद
हरप्रीत सिंह सिल्वर शूटिंग करनाल
विजेंद्र सिंह सिल्वर बॉक्सिंग भिवानी
मनदीप जांगड़ा सिल्वर बॉक्सिंग भिवानी
सरदार सिंह सिल्वर हॉकी सिरसा
सीमा आंतिल पूनिया सिल्वर डिस्कस थ्रो सोनीपत
पवन कुमार ब्रांज कुश्ती हिसार
पिंकी रानी ब्रांज बॉक्सिंग हिसार
गगन नारंग रजत/ब्रांज शूटिंग --
=============
22 खिलाड़ियों को 5-5 लाख
जिन 22 खिलाड़ियों को 5-5 लाख रुपये दिए गए हैं उनमें एथलेटिक्स के लिये विकास गुलिया, ओमप्रकाश, कृष्णा पूनिया को सम्मानित किया गया। बॉक्सिंग में मनोज कुमार, सुमित सांगवान, प्रवीण कुमार, पूजा रानी को, वहीं जूडो में मनजीत, विकेंद्र सिंह, परीक्षित कुमार, गरिमा चौधरी, जिना देवी को सम्मानित किया गया। इसी तरह शूटिंग में अंकुर मित्तल, मीना कुमारी, आरती सिंह राव को और हॉकी में जसप्रीत कौर, दीपिका, पूनम रानी, रीतू रानी, रानी रामपाल, सविता पूनिया, नवजोत कौर को सम्मानित किया गया।