फोटो: सोनीपत के गन्नौर स्थित राजपुरा माइनर की ओर जाने वाली फिरनी पर जमा पानी। स्रोत: ग्रामीण
गन्नौर। गांव राजपुर में दूषित पानी की निकासी न होने के कारण हालात बेहद खराब हो गए हैं। राजपुरा माइनर की ओर जाने वाली फिरनी पर पानी जमा होने से पूरी सड़क तालाब में बदल गई है जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के चलते गंदा पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि पैदल चलने वालों के लिए भी कोई सुरक्षित रास्ता नहीं बचा है और लोगों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।
यह मार्ग आसपास के कई गांवों को जीटी रोड से जोड़ता है जिसके चलते यहां दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। जलभराव के कारण वाहन चालकों को खतरा उठाकर रास्ता पार करना पड़ रहा है जिससे कभी भी हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की है कि गंदे पानी की निकासी के लिए पक्की और स्थायी व्यवस्था कर समस्या का जल्द समाधान किया जाए।