सोनीपत। रोहतक रोड आरओबी के पास सड़क के बीच में करीब 15 दिनों से गहरा गड्ढा बना हुआ है। जिसमें रविवार को औद्योगिक क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो होने से दूषित पानी भर गया। पानी भरा होने के कारण गड्ढा दिखाई नहीं दे रहा है। जिस कारण उसमें एक ट्रैक्टर गिरकर पलट गया और एक टेंपो फंस गया। आरओबी के पास करीब एक फुट पानी भरा होने के कारण सड़क के दूसरी ओर भी उतरने लगा है। जिस कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही नहीं दो पहिया वाहन सवारों ने तो रोंग साइड का रास्ता अपनाना शुरू कर दिया है।
रोहतक मार्ग शहर का सबसे व्यस्ततम मार्ग है। इस मार्ग से बड़े वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। लेकिन रोहतक रोड पर बने आरओबी के पास इस मार्ग में एक गहरा गड्ढा बना हुआ है। जो अब जानलेवा बनता जा रहा है। इसके बावजूद एनएचएआई का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। वहीं औद्योगिक क्षेत्र में आए दिन ओवरफ्लो होने के कारण सीवर का पानी आरओबी के पास भरा रहता है। पानी भरा होने के कारण सड़क में बना गड्ढा नहीं दिखाई देता, जिस कारण गड्ढे में गिरकर वाहन पलट रहे है। करीब 15 दिन पहले इस गड्ढे में गिरकर एक ट्रक पलट गया था और रविवार को एक ट्रैक्टर पलट गया। वहीं गड्ढे में दलदल बनी होने के कारण एक टेंपो भी फंस गया।
ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से बने जाम के हालात
रोहतक रोड आरओबी के पास सड़क में बने गड्ढे में पानी भरने से रविवार को वहां एक ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। जिस कारण वहां जाम की स्थिति बन गई। सड़क बीच में ट्राली के पलटने से वाहन चालकों को रोंग साइड का रास्ता अपनाना पड़ा। जिस कारण रोंग साइड में भी जाम की स्थिति बनी रही। वहीं घंटों बाद ट्राली को सीधा कराकर ट्रैक्टर को निकलवाया। तब जाकर वाहन चालकों को राहत मिली।
एक सप्ताह पहले मिट्टी डालकर भरा था गड्डा, अब बन चुकी है दलदल
रोहतक रोड स्थित आरओबी के पास सड़क में बने गड्ढे में करीब एक सप्ताह पहले एनएचएआई विभाग ने मिट्टी डालकर उसे बंद कर दिया था। लेकिन रविवार को आरओबी पर सीवर का पानी भरने से गड्ढे में दलदल बन चुकी है। जिसमें फंसकर एक ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई और एक टेंपो भी फंस गया। आरओबी के पास सीवर का पानी भरा होने व सड़क में गड्ढा बना होने के कारण दिनभर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यही नहीं पैदल लोगों को तो इस दूषित पानी से होकर ही अपनी मंजिल तक पहुंचना पड़ा।
सीवर का पानी भरने की कई साल की समस्या
औद्योगिक क्षेत्र में आए दिन सीवर ओवरफ्लो होने की समस्या बनी रहती है। सीवर ओवरफ्लो होने के कारण उसका सारा पानी आरओबी के पास आकर जमा हो जाता है। आरओबी के पास रहने वाले दुकानदारों व औद्योगिक क्षेत्र के लोगों द्वारा निगम के अधिकारियों से बार-बार शिकायत करने के बाद भी इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। जबकि यह समस्या आए दिन बनी रहती है। दुकानदारों का कहना है कि शिकायत के बाद निगम के कर्मचारी पानी भरकर ले जाते है। जिससे एक-दो दिन राहत मिलती है, लेकिन इसके बाद फिर से यही हालात बन जाते है।
वर्जन
औद्योगिक क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो होने की समस्या के समाधान के लिए कुछ दिन पहले मौका मुआयना किया था। जल्द ही इसका समाधान कराया जाएगा। फिलहाल कर्मचारियों को भेजकर आरओबी के पास भरे पानी को निकलवा दिया जाएगा। ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।
- अशोक रावत, एक्सईएन नगर निगम।