सोनीपत। जिले में कोरोना पॉजिटिव मिलने का सिलसिला जारी है तो यहां मौत भी नहीं रुक रही है। रविवार को समसपुर गामड़ा गांव के 84 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की उपचार के दौरान कोरोना से मौत हो गई। यहां रविवार को 25 नए कोरोना पॉजिटिव मिले, जिनमेें सेक्टर 12 में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं। यहां कोरोना पॉजिटिव की संख्या 2984 तक पहुंच गई है। रविवार को 41 मरीजों के ठीक होने पर छुट्टी मिल गई है। इस तरह 2636 मरीज ठीक हो चुके हैं और 315 का इलाज चल रहा है।
डीसी श्यामलाल पूनिया ने बताया कि रविवार को कोरोना से एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। समसपुर गामड़ा गांव के 84 वर्षीय बुजुर्ग को 30 जुलाई को पॉजिटिव आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसका उपचार चल रहा था। उसके बावजूद उसकी हालत खराब होती चली गई और उसकी रविवार को मौत हो गई। इस तरह से कोरोना से अभी तक 33 मौत हो गई है और इस कारण ही डीसी ने सभी को एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। अनिवार्य रूप से मास्क व सैनिटाइजर का इस्तेमाल करे।
इन जगहों पर मिले 25 कोरोना पॉजिटिव
डीसी श्यामलाल पूनिया ने बताया कि शहरी क्षेत्र के अंतर्गत अकेले सेक्टर-12 में सर्वाधिक पांच नए मरीज मिले हैं जो एक ही परिवार के हैं। शहरी क्षेत्र के तहत ही मसद मोहल्ला में एक मरीज, पोस्ट ऑफिस सोनीपत में एक, आदर्श नगर में एक मरीज मिला है। ग्रामीण क्षेत्र के अंतर्गत बहालगढ़ में दो मरीज, सनपेड़ा गांव में तीन, एसपी माजरा में दो, खुर्मपुर में एक, जटोला में माता मंदिर के निकट एक, बीसवां मील में एक, अटेरना में तीन, पलड़ी में एक, गन्नौर के कृष्णपुर में एक, चिड़ाना में एक, प्याऊ मनियारी में एक मरीज मिला है।