फोटो 25: सोनीपत के गन्नौर में गढ़ी झंझारा रोड पर हुए जलभराव के कारण रोष जताते वार्ड पार्षद सचिन
गन्नौर। गढ़ी झंझारा रोड पर जलभराव के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते आवागमन प्रभावित हो रहा है। समस्याओं को लेकर नाराज ग्रामीणों ने रविवार को पानी में खड़े होकर प्रदर्शन किया और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की।
गढ़ी झंझारा रोड पर रहने वाले लोगों ने कहा कि सड़क पर जलभराव के कारण स्थानीय लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। इसको लेकर आक्रोशित लोगों ने रविवार को वार्ड पार्षद सचिन कोच के नेतृत्व में प्रदर्शन किया।
लोगों ने कहा कि बारिश के दिनों में स्थिति और भी ज्यादा बदतर हो रही है। सड़क पर पानी भरा रहने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय निवासी महेंद्र, विकास, रणबीर ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। पार्षद सचिन कोच ने बताया कि जलभराव केवल सड़क मार्ग तक नहीं है, बल्कि इसके साथ लगती गलियों में भी पानी भरा रहता है।
नालियों की सफाई न होने और निकासी व्यवस्था के अभाव में यह समस्या लंबे समय से बनी है। वह खुद कई बार नगरपालिका, जनस्वास्थ्य विभाग व एसडीएम के पास शिकायत कर चुके हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल रहा। स्थानीय प्रशासन की अनदेखी के कारण वह परेशान हैं। उन्होंने जल्द निकासी व्यवस्था सृदृढ करने की मांग की है।
वर्जन
जनस्वास्थ्य विभाग से बातचीत कर नालों की सफाई व निकासी की उचित व्यवस्था की जाएगी। लोग भी कचरा और गंदगी नालियों में न डालें ताकि पानी की निकासी बाधित न हो। -प्रवेश कादियान, एसडीएम, गन्नौर