सोनीपत के गन्नौर स्थित जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में पेयजल समस्या लेकर पहुंची वार्ड नंबर 10 क
गन्नौर। जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर में अमृत-2 योजना के तहत डाली जा रही पेयजल लाइन शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के चलते लोग पेयजल के लिए तरस रहे हैं। इससे परेशान होकर मंगलवार को वार्ड 10 के लोगों ने जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में पहुंचकर रोष जताया।
वार्डवासी सुनीता, संतोष, बिमला, नरेश, सतबीर, विकास, महेंद्र ने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से एक सप्ताह पहले उनकी गली में ईदगाह रोड पर पेयजल सप्लाई के लिए नई लाइन डाली गई थी। नई पेयजल लाइन में कनेक्शन किए बिना पुरानी पेयजल लाइन से पानी की सप्लाई बंद कर दी। गर्मी के मौसम में अब लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में नई लाइन दबाई जा रही है, लेकिन उखाड़ी गई गलियों को ठीक नहीं की जा रही। प्रशासन को पाइप दबाने की तेज रफ्तार पर रोक लगाते हुए पहले उखाड़ी गई गली को ठीक कराना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से गर्मी में पेयजल समस्या को दूर करने की मांग की।
मुझे पेयजल लाइन दबाने के काम का चार्ज तीन दिन पहले ही मिला है। अब सभी कमियों को दूर कर दिया जाएगा। लाइन दबाने व कनेक्शन करने का एक ही एजेंसी के पास काम है। अब लाइन जोड़ने के लिए ठेका कर्मियों को भेज दिया है। -श्यामलाल, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग