गन्नौर। कृषि कार्य के दौरान अंगभंग होने पर किसान को मार्केट कमेटी चेयरमैन निशांत छौक्कर ने मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत 1 लाख 87 हजार 500 रुपये का चेक सौंपा। अटायल गांव के प्रदीप मलिक इसी वर्ष खेत में ट्यूबवेल चलाने के लिए बिजली के ग्रिप लगा रहे थे। इस दौरान उन्हें बिजली का तेज झटका लगा था और उनके दोनों हाथ बुरी तरह से झुलस गए थे। इलाज के दौरान उन्हें अपने दोनों हाथ गंवाने पड़े। जिस वजह से विभाग की तरफ से चेक सौंपा गया।
मार्केट कमेटी चेयरमैन निशांत छौक्कर ने किसान को चेक सौंपते हुए कहा कि किसान और खेतिहर मजदूर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं तथा सरकार उनके हितों की सुरक्षा के लिए निरंतर जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने पात्र किसानों एवं खेतिहर मजदूरों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं। इस मौके पर सचिव जगबीर, आढ़ती रोहतास छिक्कारा, भाखरपुर सरपंच भगत सिंह, ऋषिपाल, रामभतेरी, सुपरवाइजर हरिओम, लेखाकार आशा रानी भी मौजूद रहे।