सोनीपत। नगर निगम कार्यालय में ठेका सफाई कर्मचारी एकता मंच के बैनर तले चल रहा सफाई कर्मियों का धरना मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रहा। मुकेश टांक ने कहा कि निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का टेंडर पांच वर्ष के लिए दिया जा रहा है जिसका ठेका सफाई कर्मचारी एकता मंच विरोध कर रहा है।
उनका आरोप है कि सरकार और प्रशासन की नीतियों के कारण ठेका सफाई कर्मचारियों का लगातार शोषण हो रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि सफाई का मौजूदा टेंडर 15 जून को समाप्त हो चुका है लेकिन अधिकारी अब भी कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं।
कर्मचारियों ने मांग की कि उन्हें निगम कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। धरने में रितेश कुमार, मुकेश कर्मा, कश्मीरी लाल, विजय तोमर, रणबीर सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।