फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: कम लिंगानुपात वाले गांवों की होगी निगरानी

Thu, 15 May 2025 01:16 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
सोनीपत। जिले का लिंगानुपात सुधारने की दिशा में अधिकारी अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाएं। कम लिंगानुपात वाले गांवों की विशेष निगरानी करें। यह निर्देश बुधवार को कैंप कार्यालय के सभागार में स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल की वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद अधिकारियों को उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने दिए।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भ्रूण हत्या रोकने के लिए सतर्क है। भ्रूण हत्या करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध में शामिल लोगों की सूचना प्रशासन तक पहुंचाएं। शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में मॉनिटरिंग करें। भ्रूण लिंग जांच करने वालों पर नियमों की अवहेलना करने पर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने कहा कि लिंगानुपात सुधार में प्रशासन का सहयोग करते हुए सार्थक कदम बढ़ाने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के जिन गांवों में लिंगानुपात अंतर अधिक है, वहां के लोगों को महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग की ओर से संयुक्त भागीदारी सुनिश्चित कर ग्रामीणों को जागरूक किया जाए।
विज्ञापन

साथ ही महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ध्यान रखें कि उक्त कम लिंगानुपात वाले गांवों में गर्भवती का पंजीकरण करते हुए हर स्तर पर उनके स्वास्थ्य का आकलन करें। डीसी ने ग्राम पंचायतों को कम लिंगानुपात में सुधार लाने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंडली व दिल्ली बॉर्डर के साथ लगते गांवों में अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। जिन क्षेत्रों में लिंगानुपात कम होगा वहां जांच की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना को सार्थक बनाने के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली बेटियों को सम्मानित करें। लिंगानुपात को सुधारने के लिए जिले में बालिकाओं को प्रोत्साहित करें और जागरूकता अभियान चलाएं। लिंगानुपात में सुधार लाना समाज का अहम दायित्व है। भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध के लिए समाज के लोगों को संवेदनशील होना होगा।
इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी प्रवीन कुमारी, सीडीपीओ गीता गहलावत, पीसी पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. सुमित कौशिक, उप सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह, जिला आशा समन्वयक सरिता भी मौजूद रहे।
सबसे कम बेटियों वाले गांव में आज से लगाएंगे जागरूकता शिविर

जिन गांवों का लिंगानुपात 700 से कम है, उनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत लिंगानुपात बढ़ाने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला परियोजना अधिकारी प्रवीण कुमारी ने बताया कि जागरूकता कैंप 15 मई को गांव माजरी स्थित सामान्य चौपाल, 16 मई को गांव बुलंद गढ़ी स्थित प्राथमिक स्कूल, 19 मई को गांव ग्यासपुर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र, 20 मई को गांव किडोली स्थित एससी चौपाल और 21 मई को गांव आनंदपुर स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल में आयोजित किए जाएंगे।
जिला परियोजना अधिकारी ने बताया कि जागरूकता कैंप में संबंधित चिकित्सा अधिकारी, प्राचार्य, सीडीपीओ, सुपरवाइजर, ग्राम सचिव, सरपंच, सभी पंच, एएनएम, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, गर्भवती महिलाओं तथा अन्य ग्रामीण भाग लेंगे। इस दौरान लोगों को लिंगानुपात बढ़ाने में सहयोग करने व लिंग जांच करने वालों की सूचना देने के लिए जागरूक किया जाएगा। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें