खरखौदा। खंड के राशन डिपो पर समय पर राशन की आपूर्ति न होने से कार्ड धारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कार्ड धारकों का कहना हैं कि अक्सर महीने के आखिरी दिनों में राशन उपलब्ध होता है। इससे उन्हें पूरा दिन लंबी लाइनों में खड़े रहकर राशन लेना पड़ता है। सबसे बड़ी समस्या सरसों के तेल की है। नवंबर का कोटा अभी तक डिपो पर नहीं पहुंचा है, जबकि दिसंबर समाप्त होने वाला है।
ग्रामवासियों ने इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया। गांव खांडा, सिलाना, रिढाऊ के साथ खरखौदा शहर के कार्ड धारकों ने विधायक पवन खरखौदा से मामले की शिकायत की। ग्रामीण सुरेश, पंकज, महावीर, नरेंद्र, रामचंद्र और संजय रोहिल्ला का कहना है कि नवंबर का तेल अब तक नहीं मिला है और कैरी फारवर्ड के तहत अगले महीने मिलने की भी कोई गारंटी नहीं है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें सही समय पर नहीं मिल पा रहा है। सरकार की तरफ से राशन कार्ड धारकों को गेहूं, बाजरा, चीनी और तेल मुहैया कराया जाता है, लेकिन समय पर आपूर्ति न होने के कारण ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए।
-
ग्रामीणों को समय पर राशन न मिलने की समस्या संज्ञान में आई है। मैंने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) को तत्काल कार्रवाई करते हुए तेल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जहां भी राशन की समस्या है, वहां राशन उपलब्ध करवाने को कहा गया है।
- पवन, विधायक खरखौदा