बहादुरगढ़। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कुलासी और खैरपुर गांव का दौरा कर किसानों और भूमिहीन ग्रामीणों से उनकी समस्याओं पर चर्चा की। संगठन के कार्यकर्ता जयकरण मांडौठी और रामकिशन ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। ग्रामीणों ने सरकार पर उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। महंगाई के कारण परिवारों का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। वहीं शिक्षा और इलाज भी आम लोगों की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं। युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं। प्रति परिवार खेती की जमीन कम होने के कारण खेती से जुड़े रोजगार भी लगातार घट रहे हैं।
संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण किसानों और मजदूरों पर कर्ज का बोझ बढ़ता जा रहा है। कर्ज के कारण कई किसान और मजदूर आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने बिजली के निजीकरण के तहत स्मार्ट मीटर योजना को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि इससे गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
बैठक में ग्रामीणों ने माना कि सरकार की नीतियों के खिलाफ जनआंदोलन ही समस्याओं से मुक्ति का रास्ता है। संगठन की ओर से बताया गया कि सरकार पर दबाव बनाने के लिए 26 अक्तूबर को रोहतक के नांदल भवन, बोहर में महापंचायत आयोजित की जाएगी।
इस दौरान नरेंद्र सिंह, कृष्ण, राजबीर सिंह, इंद्र सिंह, सतपाल, हरिसिंह, राजसिंह, सतबीर सिंह, सुखबीर सिंह, हैप्पी, धर्मबीर, कर्ण सिंह, दिलबाग, अजीत, जगबीर, हरिओम, सुरेंद्र, चंद्रप्रकाश, महेंद्र, प्रशांत, श्रीभगवान और नरेंद्र सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।