सोनीपत। गांव बड़वासनी, किलोहड़द और शहजादपुर में बंदरों का आतंक बढ़ गया है। बड़वासनी गांव में अब तक 25 से अधिक ग्रामीणों को बंदरों ने घायल कर रखा है। इस समस्या को लेकर जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने बीडीपीओ अंकुर को ज्ञापन देकर बंदरों को पकड़वाने की मांग की।
जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने बताया कि बंदरों के डर से ग्रामीणों ने घरों से निकलना बंद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंदर पकड़ने वाली टीम शहर से बंदरों को पकड़कर गांवों में छोड़ देती हैं जिससे परेशानी और बढ़ गई है।
प्रशासन की ओर से अब तक केवल 55 बंदर पकड़े गए हैं जबकि खूंखार बंदर अभी भी खुले घूम रहे हैं। जिला पार्षद ने मांग की है कि सभी बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए और घायल ग्रामीणों को उचित मुआवजा दिया जाए।