फोटो :13: सोनीपत के गन्रौर में एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंचे बजाना गांव के बाशिंदे। सं
गन्नौर। गांव बजाना में पंचायती जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में रोष है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने भाकियू के जिलाध्यक्ष जयभगवान मलिक के साथ एसडीएम गन्नौर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है गांव में स्थित एक पंचायती जमीन पर एक व्यक्ति ने जबरन कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उक्त कब्जे के चलते गांव की पानी निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है, जिससे बारिश के दिनों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसके अलावा, एक व्यक्ति की ओर से उस भूमि पर लगे कई हरे-भरे पेड़ भी उखाड़ दिए गए हैं, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि उस व्यक्ति के प्रभाव में आकर गांव के कई युवा नशे का शिकार हो रहे हैं। जिससे गांव का सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और किसी भी समय हालात बिगड़ सकते हैं। ग्रामीणों ने एसडीएम से अनुरोध किया है कि जल्द व्यक्ति को पंचायत की जमीन से हटाया जाए और गांव की शांति व्यवस्था को बहाल किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा विरोध करने को मजबूर होंगे।