फोटो 34- सोनीपत के लघु सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन को मनजीत तिहाड़ के साथ शिकायत
सोनीपत। गांव रतनगढ़ में बारिश का पानी घरों में घुसने से परेशान व पंचायत की ओर से समस्या का समाधान नहीं कराए जाने पर ग्रामीणों ने बुधवार को लघु सचिवालय पहुंचकर रोष जताया। रक्षक सेना प्रमुख मनजीत तिहाड़ के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन को अपनी समस्या से अवगत कराते हुए समाधान करवाने की गुहार लगाई।
ग्रामीण सागर, काला, ऊषा, सोनिया, मुकेश, सरोज, पूनम, सुदेश, बीरमति, इंद्रावती, सुनीता, राधा, सरोज, कमला, सुनीता, रानी ने बताया कि लगातार हुई बारिश के बाद निकासी की अव्यवस्था के चलते उनके घरों में पानी घुसने के बाद आज तक ग्राम पंचायत की ओर से उनकी सुध नहीं ली गई है। करीब 15 दिनों से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। साथ ही उनके घरों की दीवारों में दरारें आ गई हैं।
कई घरों की नींव धंसने से छत्तों को नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई ग्रामीणों ने घरों में पानी घुसने के बाद अपने पशुओं व बुजुर्गों को रिश्तेदारों के पास भेज दिया है। हालात यह है कि जलभराव के कारण मक्खी-मच्छर पनपने लगे हैं। ऐसे में ग्रामीणों को बीमारी फैलने का अंदेशा बना रहता है। ग्रामीणों ने अतिरिक्त उपायुक्त से मांग की, कि मोटर लगवाकर उनके घरों से पानी को निकलवाया जाए।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव में जांच शिविर लगाया जाए। उनके घरों का सर्वे करवाकर अनुदान राशि पात्र परिवारों को प्रदान की जाए। अतिरिक्त उपायुक्त ने ग्रामीणों को जंल्द समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया।