सोनीपत। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीसीआरयूएसटी), मुरथल में रविवार को नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह के नेतृत्व में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का भी प्रण लिया।
कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा स्वस्थ, जागरूक और नशा मुक्त होगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक विद्यार्थी स्वयं नशे से दूर रहकर अपने आसपास कम से कम 10 लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प ले, तो नशा मुक्त भारत का लक्ष्य जल्द ही हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण के इस जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिवार ने हरियाणा और पूरे देश को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं की भागीदारी से ही इस अभियान को व्यापक जनआंदोलन बनाया जा सकता है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी इस अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।