संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना (सोनीपत)। बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां में एमबीबीएस इंटर्न के साथ छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज की है। पुलिस ने अब कॉलेज में कार्यरत श्रमिकों की पहचान सुनिश्चित करना शुरू किया है। इसके तहत 100 श्रमिकों के आवेदन भरकर उनके मूल क्षेत्र के पुलिस थानों में भेजे गए हैं।
स्थानीय पुलिस इन श्रमिकों के गांव और घर जाकर उनकी पहचान सत्यापित करेगी। सत्यापन रिपोर्ट वापस संबंधित थानों को भेजी जाएगी। घटना 15 अगस्त की रात हुई थी, जब एक श्रमिक ने दो एमबीबीएस इंटर्न के साथ छेड़छाड़ की थी। घटना के बाद मेडिकल छात्राओं और इंटर्न ने हंगामा किया था। पुलिस ने संज्ञान लेते हुए अगले दिन आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
दीपक झांसी के बरूरा गांव का निवासी है। छात्राओं ने 18 अगस्त को विभिन्न मांगों को लेकर दोबारा हंगामा किया था। कॉलेज में आठ स्थानों पर भवन निर्माण चल रहा है। यहां उत्तर प्रदेश और बिहार के 500 से अधिक श्रमिक अलग-अलग एजेंसियों के माध्यम से रहते हैं। महिला थाना खानपुर कलां और सदर थाना पुलिस यह सत्यापन कर रही है।
इंसेट
मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा के लिए 190 गार्ड पद स्वीकृत
मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा के लिए 190 गार्ड पद स्वीकृत हैं। वर्तमान में सुरक्षा गार्डों के 15 पद रिक्त हैं। कॉलेज प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए 87 अतिरिक्त सुरक्षा गार्डों की मांग की है। यह मांग मुख्यालय को भेजी गई है। हालांकि, अभी तक इन सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति नहीं हुई है।
वर्जन
मेडिकल कॉलेज में श्रमिकों का सत्यापन किया जा रहा है। 100 श्रमिकों के आवेदन भर कर सत्यापन के लिए भेज दिए गए हैं। जल्द ही अन्य श्रमिकों के आवेदन भी संबंधित पुलिस थानों में भेज दिए जाएंगे। मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा के लिए रात में पुलिस गश्त कर रही है।-सबल सिंह, प्रभारी, सदर थाना।