फोटो 05- सोनीपत के खरखौदा में स्टेट हाईवे पर खस्ताहाल सड़क व लगा जाम। संवाद
सोनीपत। एनएच-334 बी बाईपास से वाया खरखौदा दिल्ली के औचंदी बॉर्डर तक बने स्टेट हाईवे-18 पर वाहन चालकों को जल्द जाम के झाम से छुटकारा मिल सकेगा। बाईपास से आईएमटी होते हुए औचंदी बॉर्डर तक स्टेट हाईवे-18 पर करीब 8 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। स्टेट हाईवे के साथ साइड में 10 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण करवाया जाएगा। साथ ही डेढ़ किलोमीटर खस्ताहाल सड़क की मरम्मत करवाई जाएगी, ताकि वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल सके। सड़क के साइडों में ब्लॉक लगवाकर सुंदरीकरण किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग ने स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण को लेकर 22 करोड़ 60 लाख 62 हजार रुपये का कुल बजट तैयार किया है। इसमें से बजट का आधा हिस्सा हरियाणा राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) से लिया गया है। विभाग ने एचएसआईआईडीसी से एनओसी लेने के साथ करीब 13 करोड़ 41 लाख 82 हजार रुपये की राशि प्राप्त कर ली है। एचएसआईआईडीसी से मिली राशि से स्टेट हाईवे की डेढ़ किलोमीटर सड़क की मरम्मत करवाई जाएगी। साथ ही साइडों में ब्लॉक लगवाने का काम होगा। वहीं कुल बजट का शेष हिस्सा 9 करोड़ 18 लाख 80 हजार रुपये स्टेट फंड से खर्च किया जाएगा। उच्चाधिकारियों की मंजूरी मिलते ही काम को शुरू किया जाएगा।
आईएमटी की लाइफ लाइन है स्टेट हाईवे
खरखौदा में स्टेट हाईवे इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) की लाइफ लाइन है। यहां आईएमटी के जरिये बड़ी औद्योगिक इकाइयों का विस्तार हो रहा है। मारुति कंपनी की ओर से यहां करीब 800 एकड़ में प्लांट लगाकर तेजी से कार्य करवाए जा रहे हैं। साथ ही सुजुकी व मिंडा जैसी अन्य बड़ी कंपनी भी अपनी इकाई लगाने को तैयार हैं। इसके लिए इन कंपनियों ने जमीन भी खरीद ली है। ऐसे में आने वाले दिनों में स्टेट हाईवे पर आवागमन बढ़ जाएगा। स्टेट हाईवे रोहतक से वाया खरखौदा होते हुए औचंदी बॉर्डर के रास्ते हरियाणा को दिल्ली को जोड़ता है। स्टेट हाईवे पर दिनभर हजारों वाहनों का दिल्ली-खरखौदा-रोहतक आवागमन लगा रहता है। स्टेट हाईवे चौड़ा होने से वाहन चालकों को राहत मिलेगी।
कई बार जाम की बनी रहती है स्थिति
खरखौदा में स्टेट हाईवे पर कई जगह गड्ढे होने से स्थिति बेहद खराब है। कई वर्ष से हाईवे की सुध नहीं ली गई है। मुख्य मार्ग होने के चलते खरखौदा से औचंदी बॉर्डर के हिस्से में कई बार जाम की स्थिति बनी रहती है। हाईवे के खस्ताहाल हिस्से के निर्माण की मांग उठती रही है। समय रहते स्टेट हाईवे काे चौड़ा व सुंदरीकरण नहीं करवाया गया तो इसका असर यहां आने वाली औद्योगिक इकाइयों पर भी पड़ सकता है।
खरखौदा में एनएच-334 बी बाईपास से औचंदी बॉर्डर तक बने स्टेट हाईवे को चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए करीब 22.60 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया है। डेढ़ किलोमीटर सड़क पर मरम्मत का कार्य करवाने के साथ साइडों पर ब्लॉक लगवाए जाएंगे। उच्चाधिकारियों की मंजूरी के बाद काम शुरू किया जाएगा।
- पंकज गौड़, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग