जिले में वैक्सीन का संकट मंडराने लगा है। युवाओं के लिए जिले में वैक्सीन का स्टॉक खत्म हो चुका है। कुरुक्षेत्र स्थित स्टेट वैक्सीन स्टोर से वैक्सीन नहीं मिलने से 18-44 वर्ष के लोगों को शुक्रवार से वैक्सीन नहीं लगेगी। क्योंकि सरकार की ओर से पूरी मात्रा में वैक्सीन नहीं मिल रही। ऐसे में युवाओं को वैक्सीन लगवाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वीरवार को 767 युवाओं को ही वैक्सीन लगाई जा सकी। वीरवार को 45 वर्ष से ज्यादा लोगों के लिए 15 हजार वैक्सीन मिलीं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 45 वर्ष से ज्यादा लोगों के लिए टीकाकरण शिविर पहले की तरह जारी रखे जाएंगे। वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से 41 स्थानों पर कैंप लगाया गया। यहां युवाओं के अलावा 45 से 60 आयु वर्ग के 645 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। वहीं 779 स्वास्थ्य कर्मियों, 18 फ्रंटलाइन वर्करों और 313 बुजुर्गों को वैक्सीन लगाई जा सकी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से वैक्सीन की डिमांड की गई है।
उप सिविल सर्जन डॉ. नीरज यादव ने बताया कि जिले में 18-44 साल तक के लोगों के लिए वैक्सीन कम होने के कारण दिक्कत आ रही है। वैक्सीन का संकट होने से शुक्रवार को युवाओं को वैक्सीन नहीं लगाई जाएगी। जिन लोगों को वीरवार को पहली बार यह वैक्सीन लगी है, ठीक उन्हीं लोगों को दोबारा वैक्सीन लगाई जाएगी, लेकिन कोरोना से बचने के लिए अब भी मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करते रहना होगा। साथ ही लोगों को एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाए रखनी होगी।