गोहाना। शहर में वैक्सीन की किल्लत बढ़ती जा रही है। सोमवार को शहर के नागरिक अस्पताल में गर्भवती महिलाओं को वैक्सीन लगवाने के लिए महज 20 डोज मिली जो एक घंटे में ही खत्म हो गई। इसके अलावा अस्पताल में सोमवार को कोविशील्ड खत्म होने से किसी भी लाभार्थी को टीका नहीं लगा। इस कारण लाभार्थी लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। उन्होंने सरकार व प्रशासन से नियमित रूप से वैक्सीन उपलब्ध कराने की मांग की।
स्वास्थ्य विभाग की ओर सोमवार से गर्भवती महिलाओं को वैक्सीन लगाने का अभियान शुरू किया गया। चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार नागरिक अस्पताल क्षेत्र में करीब 1300 महिलाएं गर्भवती हैं। इसके बावजूद जिला मुख्यालय की ओर से अस्पताल में केवल 20 डोज दी गई। जिनके खत्म होने से अन्य महिलाओं को वापस लौटना पड़ा। इसी तरह कोविशील्ड की डोज न होने से अन्य लोगों को भी परेशानी हुई। अस्पताल के अलावा भैंसवाल कलां सीएचसी में 450, खानपुर कलां पीएचसी में 20, लाठ में 480, रुखी में 20, सरगथल में 20, बनवासा व मदीना में 20-20 डोज भेजी गई।
वर्जन
जिला मुख्यालय से गर्भवती महिलाओं के लिए कोवैक्सीन की 20 डोज मिली थी, जिन्हें लगा दिया गया है। अस्पताल में कोविशील्ड की डोज खत्म हुई हैं, जिससे टीकाकरण की प्रक्रिया बंद हैं। जिला मुख्यालय से डोज मिलते ही टीकाकरण दोबारा से शुरू करवाया जाएगा।
- डॉ. कर्मवीर सिंह, एसएमओ, नागरिक अस्पताल गोहाना।