संवाद न्यूज जऐंसी
सोनीपत। पशुओं को खुरपका-मुंहपका और गलघोंटू जैसी बीमारी से बचाने के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य पशुधन को सुरक्षित रखने व पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।
राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 11वें चरण के संयुक्त टीकाकरण अभियान की शुरुआत 11 मई से होगी। इसके तहत जिले में 2 लाख 57 हजार पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा।
उपमंडल अधिकारी डॉ. बलजीत सिंह दलाल ने बताया कि अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाएगा। इसके लिए पशु चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की 56 विशेष टीमें गठित की गई हैं। टीकाकरण के माध्यम से पशुओं को गंभीर संक्रामक बीमारियों से बचाने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. बलजीत दलाल ने बताया कि टीकाकरण अभियान के दौरान प्रत्येक पशु का डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा। पशुपालकों से आग्रह है कि वे अपने पशुओं का पंजीकरण अवश्य करवाएं ताकि भविष्य में पशुओं के स्वास्थ्य की निगरानी बेहतर ढंग से की जा सके।