unscrupulous miscreants in sonipat, three incidents of loot registered in 3 hours
सोनीपत/गोहाना। जिले में बदमाश बेखौफ होते जा रहे हैं। बदमाशों ने सोमवार को महज तीन घंटे के अंतराल में लूट की तीन वारदातों को अंजाम दिया। उसके बाद वह फरार हो गए। गोहाना में ईको वैन चालक से लूटपाट के दौरान बदमाशों ने हवाई फायर भी कर दिया। बदमाशों ने मिशन चौक के पास से छात्र की बाइक छीन ली। पुलिस ने रात को बीड़ी व्यापारी से हुई लूट के मामले में भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पानीपत-रोहतक हाईवे स्थित शहर के बाईपास से चार युवक पिस्तौल के बल पर चालक से ईको वैन लूटकर फरार हो गए। इससे पहले चालक से मारपीट भी की गई और हवाई फायर भी किया। गांव गढ़ी उजाले खां निवासी पवन ने बताया कि उसने ईको वैन ले रखी है। वह उसमें गोहाना-पानीपत रोड पर सवारी ढोता है। पवन ने बताया कि वह सोमवार शाम को वैन लेकर पानीपत में संजय चौक पर खड़ा था। इसी दौरान चार युवक वैन के पास पहुंचे और पवन से बोले कि उन्हें जल्दी गोहाना जाना है और वह दस सवारियों का किराया दे देंगे। पवन चारों युवकों को वैन में बैठा कर गोहाना के लिए चल पड़ा। जब वह रोहतक-पानीपत हाईवे स्थित शहर के बाईपास पर पहुंचे तो एक युवक ने कहा कि उसे बाथरूम करना है। पवन ने वैन को रोक दिया। पवन भी वैन से नीचे उतर गया। इसी दौरान एक युवक ने उसे थप्पड़ मारा और धक्का देकर गिरा दिया। एक युवक ने हवाई फायर किया। इसके बाद चारों युवक उसकी वैन को लेकर रोहतक की तरफ भाग गए। पवन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
ट्यूशन पढ़कर लौट रहे छात्र की बाइक लूटी
शहर के मिशन चौक के पास ट्यूशन पढ़कर लौट रहे छात्र से दो युवकों ने मारपीट कर बाइक छीन ली। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में लूट की वारदता को अंजाम देकर लुटेरों ने पुलिस के सामने चुनौती पेश की है। कुमासपुर निवासी छात्र वरुण मिशनरी रोड पर ट्यूशन पढने आता है। सोमवार देर शाम को वह ट्यूशन पढ़कर वापस लौट रहा था। जब वह बाजार में ही था तो दो लड़कों ने उसको इशारा करके बाइक रुकवा ली। छात्र के रुकते ही युवकों ने मारपीट कर बाइक को गिरा दिया और बाइक छीन ली। दोनों बाइक लेकर फरार हो गए। वरुण ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। वरुण ने पुलिस को बताया कि दो युवकों ने बाइक और रुपये छीन लिए। वह तमंचा लिए हुए थे। विरोध करने पर मारपीट की और गोली मारने की धमकी दी। सिटी थाना जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि शुरुआती जांच में बाइक छीनने की बात सामने आई है। रुपये छीनने की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
बीडी व्यापारी से लूट के मामले में मुकदमा दर्ज
सेक्टर-12 में रात करीब नौ बजे बीडी कारोबारी सुरेश वधवा से लूट के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सुरेश वधवा ने पुलिस को बताया कि सिविल लाइन थाने के सामने सेक्टर-12 में पहुंचने पर बाइक सवार तीन युवक आए और पिस्तौल दिखाकर उससे 70 हजार रुपये से भरा बैग छीन ले गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी बंद होने के कारण लुटेरों का पता नहीं लग सका। सरकारी कैमरों के बंद होने के चलते अब पुलिस रास्ते में घरों और दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की तलाश कर रही है।
--
बीड़ी कारोबारी ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। लुटेरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए दो टीम गठित की गई है। कारोबारी की दुकान से सेक्टर 12 तक के रास्ते में पड़ने वाले सीसीटीवी की जांच कर रहे हैं।
- सुखबीर सिंह, थाना प्रभारी सिविल लाइन सोनीपत।