फोटो 02- सोनीपत के गांव गुहणा स्थित राजकीय विद्यालय में स्टाफ सदस्यों के साथ पौधरोपण करते कुक।
सोनीपत। जिले में बढ़ते प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए राजकीय स्कूलों में कार्यरत रसोइयों (कुकों) ने अनूठा कदम उठाया है, जिससे पर्यावरण की रक्षा की जा सके। कुकों ने अपने वेतन से 10-10 पौधे नर्सरी से खरीदे और विद्यालय परिसर में रोपित किए ताकि पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे सकें।
गांव गुहणा के राजकीय विद्यालय में कार्यरत मिड डे मील कुक सरोज, पताशो, खजानी, कविता व सफाईकर्मी सावित्री का कहना है कि बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण के कारण जिले के सभी विद्यालय बंद हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। लगातार बिगड़ते जा रहे पर्यावरण की रक्षा करनी है तो सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। इसी कड़ी में उन्होंने अपने वेतन से 10 पौधे नर्सरी से खरीद कर विद्यालय परिसर में रोपे, ताकि पर्यावरण की रक्षा में अपना योगदान दे सकें।
विद्यालय प्राचार्य कुलदीप खर्ब ने इस कार्य के लिए सभी की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे दूसरों को भी प्रेरणा मिलेगी। कुक पताशो ने बताया कि इस नेक कार्य की प्रेरणा उन्हें प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी अनिल राठी से मिली। इस दौरान जितेंद्र, ऋषिकेश, सत्यप्रकाश, हनुमान, दिनेश, अशोक व हवा सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी पौधरोपण में सहयोग किया।