खरखौदा। औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) खरखौदा में तेजी से विकसित हो रही औद्योगिक इकाइयों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए बिजली की आवश्यकता होगी। इसी को ध्यान में रखते हुए हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएन) को दो बिजली घर बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
आईएमटी खरखौदा में मारुति प्लांट का निर्माण कार्य जोरों पर है। मींडा और सुजूकी सहित कई अन्य कंपनियां भी यहां अपने प्लांट स्थापित करने की तैयारी कर रही हैं। हजारों औद्योगिक इकाइयों के संचालन के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति की जरूरत होगी। इसके लिए एचएसआईआईडीसी ने एचवीपीएन को टेंडर अलॉट कर दिया है, ताकि समय पर बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। इस परियोजना पर कुल 60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मार्च तक दोनों सब-स्टेशनों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
दो बिजली घर पूरी करेंगे आईएमटी की खपत
आईएमटी खरखौदा के लिए दो बिजली घर बनाए जा रहे हैं। एक पिपली गांव की सीमा में खरखौदा-दिल्ली मार्ग के पास और दूसरा सोहटी गांव की सीमा में स्थित होगा। इन दोनों बिजली घर के सिविल और इलेक्ट्रिकल कार्यों पर 60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
दो स्रोतों से मिलेगी बिजली
इन बिजली घरों को दो अलग-अलग स्रोतों से बिजली आपूर्ति मिलेगी, जिससे किसी एक लाइन में फॉल्ट आने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध रहे। पहला कनेक्शन जाजी गांव स्थित 400 केवी बिजली घर से मिलेगा, जो पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया से जुड़ा है। दूसरा कनेक्शन बहादुरगढ़ से बिछाई जा रही लाइन के माध्यम से प्राप्त किया जाएगा।
-
दो बिजली घर का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। मार्च तक इसे पूरा कर लेने का प्रयास है। इसके बाद आईएमटी खरखौदा की औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
- सतनारायण शर्मा, एक्सईएन, एचवीपीएन