सोनीपत। पुरखास अड्डे पर रहने वाले मोनू (30) फ्लैक्स बोर्ड लगाकर गुजारा करते थे। वह सोमवार को सारंग रोड पर एक दुकान पर फ्लैक्स बोर्ड लगा रहे थे तो उनको करंट लग गया। इससे उनकी मौत हो गई। मुफलिसी की इंतहा में जीते मोनू के परिजनों के पास इतना पैसे नहीं था कि वह दो गज कफन देकर शव का अंतिम संस्कार कर सकें। बाद में समाजसेवी संस्था की मदद से शव का अंतिम संस्कार किया गया।
शनि मंदिर के मुख्य पुजारी ने सेफ इंडिया फाउंडेशन के प्रधान संजय सिंगला से संपर्क कर बताया कि मोनू के परिवार की आर्थिक हालत बहुत दयनीय है। वह मोनू की मौत के बाद आर्थिक तंगी की वजह से शव का अंतिम संस्कार भी करने में असमर्थ हैं। इसके बाद सेफ इंडिया फाउंडेशन ने अपनी एंबुलेंस भेजकर सरकारी अस्पताल से मोनू का शव तिरंगा चौक श्माशान घाट में भिजवाया और उसका अंतिम संस्कार करवाया।
सेफ इंडिया फाउंडेशन के प्रधान संजय सिंगला ने बताया कि संस्था की ओर से लावारिस तथा जरूरतमंद का अंतिम दाह संस्कार निशुल्क करवाया जाता है। इस बार के अंतिम संस्कार में नवीन जैन सिद्धार्थ वाले वाले की ओर से लकड़ियों का सहयोग किया गया। संस्था की ओर से हर महीने की पहली तारीख को जिले के सभी श्मशान घाटों से लावारिस अस्थियां इकट्ठा कर उनका विसर्जन हरिद्वार में किया जाता है।