सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 पर बहालगढ़ थाना के पास बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुआ एलपीजी का टैंकर सर्विस लेन पर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया जिससे हड़कंप मच गया।
मामले की सूचना के बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग, गैस कंपनी व एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद पुलिस ने बहालगढ़ व मुरथल से वाहनों को डायवर्ट कर निकाला। सुबह आठ बजे रिसाव बंद होने के बाद हाईवे से वाहनों को निकाला गया। पुलिस, गैस कंपनी व एनएचएआई की टीम क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा करने में लगी है। एहतियात के तौर पर अग्निशमन विभाग की टीम को तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें: दर्द की इंतहा: अगले माह छुट्टी पर आने वाले थे कर्नल मनप्रीत और मेजर आशीष... अब बस अंतहीन इंतजार
गुरुवार तड़के करीब तीन बजे दिल्ली से पानीपत की तरफ जा रहा टैंकर बहालगढ़ थाना के पास व्हाइट लिली सिटी के सामने पलट गया। बताया गया है कि सामने अचानक बाइक सवार के आने पर उसे बचाने के प्रयास में टैंकर पलट गया। टैंकर के पलटने के बाद गैस रिसाव शुरू हो गया जिससे हड़कंप मच गया। मामले की सूचना बहालगढ़ थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया। उसके साथ ही गैस कंपनी व भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम को बुलाया गया।
हादसे की आशंका के चलते पुलिस ने मुरथल व बहालगढ़ चौक से वाहनों को सोनीपत शहर की तरफ डायवर्ट कर दिया। वाहनों को बहालगढ़ से सोनीपत शहर में वाया सेक्टर-15 से मुरथल व मुरथल से वाया सेक्टर-15 बहालगढ़ निकाला गया। सुबह आठ बजे रिसाव बंद होने के बाद हाईवे से वाहनों का आवागमन सुचारू किया गया। पुलिस ने क्रेन को बुलाकर टैंकर को हटाने का प्रयास शुरू कर दिया है।