सोनीपत। जिले में बुधवार देर रात सोनीपत-गोहाना हाईवे पर दो कारों की आमने-सामने हुई टक्कर में गांव लाठ निवासी 52 वर्षीय अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वह तीन बेटियों के पिता थे। उनकी मौत से शादी वाले घर में मातम छाया हुआ है।
सोनीपत नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराने पहुंचे परिजनों ने बताया कि भिगाना की एक फैक्टरी में नौकरी करने वाले अनिल कुमार परिवार समेत शहर की व्हाइट लिली सोसाइटी के फ्लैट में रहते थे। उनकी तीन बेटियों में सबसे बड़ी बीएससी कर रही है। छोटी दोनों बेटियां 11वीं में पढ़ती हैं।
विज्ञापन
6 फरवरी को अनिल के भतीजे की शादी है। उसकी शादी की तैयारियों के चलते वह गांव आए हुए थे। रात करीब 10 बजे के बाद जब वह सोसाइटी लौट रहे थे तो गांव जाहरी के पास कार हादसे का शिकार हो गए। रात करीब 12 बजे परिजन अनिल को लेकर सोनीपत नागरिक अस्पताल पहुंचे मगर उनको मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक हादसे की वजह एक कार चालक के फ्लाईओवर पर गलत दिशा से चलना बताया जा रहा है। हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया है कि गलत दिशा में चल रही कार अनिल कुमार की थी या दूसरी। फिलहाल मामले की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है।