सोनीपत। ट्रेनों की लेटलतीफी के चलते यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों से लेकर सवारी गाड़ियां तक देरी से सोनीपत स्टेशन पर पहुंच रही हैं। दिल्ली-अंबाला रूट पर शनिवार को दर्जनभर ट्रेनें करीब 36 मिनट से 8:21 घंटे की देरी से चलीं। वहीं, इस रूट पर अप-डाउन की तीन एक्सप्रेस ट्रेनों को 18 सितंबर तक रेल कनेक्टिविटी कार्य के चलते रद्द किया गया है। ऐसे में अन्य सुपरफास्ट गाड़ियों में यात्रियों की संख्या बढ़ गई है।
दिल्ली मंडल के पलवल स्टेशन व न्यू पृथला (डीएफसीसी) यार्ड के बीच रेल कनेक्टिविटी के लिए कार्य किए जा रहे हैं। करीब आधा महीना दिल्ली-अंबाला रूट पर चलने वाली अप-डाउन की तीन एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है। इससे अन्य एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते लंबी दूरी की ट्रेनें करीब आधे से आठ घंटे तक लेट हाे रही हैं। यह गाड़ियां अपनी यात्रा समय से प्रारंभ करने के बाद भी अन्य स्टेशनों पर देरी से पहुंच रही हैं। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को स्टेशन पर खड़े होकर ट्रेन का इंतजार कर पड़ रहा है।
यह गाड़ियां 18 सितंबर तक हैं रद्द
रेलवे ने नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते मुंबई से अमृतसर रूट पर चलने वाली (ट्रेन संख्या 11057) दादर एक्सप्रेस को 15 सितंबर व अमृतसर से मुंबई रूट की (ट्रेन संख्या 11058) दादर एक्सप्रेस को 18 सितंबर तक रद्द किया है। डॉ. आंबेडकर नगर से कटड़ा रूट पर चलने वाली (ट्रेन संख्या 12919) मालवा एक्सप्रेस को 16 सितंबर व (ट्रेन संख्या 12920) मालवा एक्सप्रेस को 18 सितंबर तक रद्द किया है। इसके अलावा आगरा से होशियारपुर रूट पर चलने वाली (ट्रेन संख्या 11905) होशियारपुर एक्सप्रेस 17 सितंबर व (ट्रेन संख्या 11906) को 18 सितंबर तक रद्द है।
अंबाला-दिल्ली रूट की प्रभावित गाड़ियां
ट्रेन संख्या ट्रेन का नाम देरी
12460 नई दिल्ली इंटरसिटी 54 मिनट
12926 पश्चिम एक्सप्रेस 48 मिनट
14034 जम्मू मेल एक्सप्रेस 43 मिनट
14054 हिमाचल एक्सप्रेस 38 मिनट
12716 सचखंड एक्सप्रेस 4:46 घंटे
12312 नेताजी एक्सप्रेस 52 मिनट
दिल्ली-अंबाला रूट की प्रभावित गाड़ियां
04449 दिल्ली-कुरुक्षेत्र पैसेंजर 36 मिनट
11841 गीता जयंती एक्सप्रेस 2:16 घंटे
12925 पश्चिम एक्सप्रेस 41 मिनट
14217 ऊंचाहार एक्सप्रेस 8:21 घंटे
04581 दिल्ली-पानीपत पैसेंजर 58 मिनट
दिल्ली मंडल के पलवल स्टेशन व न्यू पृथला (डीएफसीसी) यार्ड के बीच रेल कनेक्टिविटी के लिए कार्य होने से कुछ ट्रेनों का आवागमन प्रभावित है। अप-डाउन की तीन एक्सप्रेस ट्रेनों को 13 दिन रद्द किया गया है। रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयासरत है।
- हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे