सोनीपत। ट्यूबरकुलोसिस (टीबी) के मरीजों के लिए राहत की खबर है। इन मरीजों को अब स्वास्थ्य विभाग से मिलने वाली दवाइयों की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिला नागरिक अस्पताल में क्षय रोग विभाग के पास टीबी मरीजों के उपचार के लिए दवाओं की खेप पहुंच गई है, इससे 2997 मरीजों को काफी राहत मिलेगी। टीबी की दवा कम मिलने के कारण मरीजों को परेशानी हो रही थी। अब पहले की तरह मरीजों को एक साथ एक माह के लिए दवाएं दी जाएंगी।
सरकार ने टीबी की दवाओं को खुले बाजार में बेचने पर प्रतिबंध लगा रखा है। सरकारी अस्पताल में दवाओं का स्टाॅक कम हो जाने से मरीज रोजाना चक्कर काट रहे थे। काफी समय से दवाओं का संकट होने के कारण मरीजों को हर सप्ताह कम मात्रा में दवा उपलब्ध कराई जाती थी। जिससे मरीजों को दवाएं लेने के लिए हर सप्ताह अस्पताल के चक्कर काटने पड़ रहे थे। उप सिविल सर्जन डॉ. तरुण यादव ने बताया कि अब मरीजों को पहले की तरह एक-एक माह के लिए दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। केंद्र सरकार से राज्य स्तर पर दवाओं की खेप पहुंची थी। अब जिलास्तर से उपमंडल व पीएचसी स्तर पर दवाएं ट्रांसपोर्ट के माध्यम से भेजी जा रही हैं।
मरीजों के लिए यह दवाएं पहुंची
टीबी के मरीजों के लिए अस्पताल में काफी मात्रा में दवाएं पहुंची है। इनमें फिक्स डोज कॉम्बिनेशन (एफडीसी) 3, एफडीसी 4, बीडाकुलीन, डेलामिनेट, लीनेजोनिड, साइक्लोसिरिन समेत अन्य तरह की दवाओं की खेप बड़ी मात्रा में पहुंची है। इन दवाओं को संबंधित टीबी केंद्रों में पहुंचाया जा रहा है, जहां पर बड़ी मात्रा में मरीज हर सप्ताह दवाएं लेने पहुंच रहे हैं। अब उन्हें एक-एक माह के लिए दवाएं उपलब्ध कराई जाएगी।
विभाग के पास टीबी के मरीजों के लिए दवाओं की खेप पहुंची है। इन दवाओं को संबंधित टीबी केंद्रों पर भेजा जा रहा है। जल्द ही मरीजों को एक-एक माह के लिए दवाएं उपलब्ध कराई जाएगी।
- डॉ. तरुण यादव, उप सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग