सोनीपत/गन्नौर। गन्नौर में मंगलवार को दिनभर लंबे बिजली कट लगने का सिलसिला जारी रहा। 16 घंटे बिजली कट लगने से लोग पसीने से तर-बतर रहे। बिजली खपत प्रतिदिन 1.50 करोड़ यूनिट से ज्यादा पहुंच रही है। आलम है कि रोज लाइट ट्रिपिंग, फ्यूज उड़ने व ट्रांसफार्मर जलने की 1500 से ज्यादा शिकायत निगम के शिकायत केंद्र पर आ रही हैं। बिजली अघोषित कटों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। खासकर दोपहर व रात के समय अधिक कट लग रहे हैं।
गन्नौर फीडर पर लोड बढ़ा
सोमवार देर रात गन्नौर फीडर पर लोड बढ़ गया। इस वजह से कई जगहों पर फाॅल्ट हो गए। बिजली सप्लाई शुरू की गई तो कुछ देर बाद फिर से फाॅल्ट हो गया और गन्नौर फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई।
सोमवार रात 8 बजे से बिजली कट से संबंधित शिकायतें दर्ज होने लगी। रात भर बिजली की आंख मिचौली के चलते लोग उमस से राहत पाने के लिए घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। लोगों का कहना है कि अघोषित कट व ओवलोडिंग की समस्या बढ़ने से वह परेशान हैं। ट्रांसफार्मरों पर ओवरलोडिंग के चलते हर रोज वोल्टेज कम आने की समस्याएं सामने आती रहती हैं। जिससे लोगों के घरों में एसी, कूलर व अन्य उपकरणों में भी फाल्ट आ जाता है।
यूं बढ़ती गई बिजली की खपत
तिथि खपत (यूनिट)
25 जुलाई 1.60 करोड़
26 जुलाई 1.61 करोड़
27 जुलाई 1.67 करोड़
28 जुलाई 1.49 करोड़
29 जुलाई 1.58 करोड़
-
वर्जन
गन्नौर फीडर पर लोड बढ़ने की वजह से परेशानी हुई। देर रात बिजली कर्मी फाॅल्ट ठीक करने में जुटे रहे। मंगलवार को फीडर के लोड को कम करने का काम हुआ, जिसे वजह से बिजली के कट लगे।
-सचिन दहिया, एसडीओ शहरी, गन्नौर