फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गर्मी में बिजली के अघोषित कट ने रुलाया

विज्ञापन
बिजली निगम के ट्रांसफार्मर - फोटो : Sonipat
विज्ञापन
जहां गर्मी ने हर किसी की हालत खराब की हुई है, वहीं इस गर्मी में बिजली के अघोषित कट व फाल्ट से शहर में परेशानी बनी हुई है। बिजली निगम के अधिकारी शहर में 24 घंटे आपूर्ति का दावा करते हैं, लेकिन यहां 13 घंटे भी मुश्किल से आपूर्ति हो रही है। जहां पिछले कई दिनों से आधी रात को बिजली गायब हो जाती है और उसके बाद सुबह आपूर्ति शुरू की जाती है। वहीं दिन में घंटों बिजली गायब रहती है।
विज्ञापन

इसके अलावा जितनी देर बिजली आती है, उसमें भी अधिकतर समय कम वोल्टेज रहती है। इस कारण ही गर्मी में पहले से बेहाल लोगों की हालत ज्यादा खराब हो रही है। इसमें भी बिजली निगम में बड़ा खेल किया जा रहा है, जो इतने लंबे कट लगाने के बावजूद अपने रिकॉर्ड में 24 घंटे आपूर्ति होने का दावा करता है।
शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का शेड्यूल है और जिले को खपत के अनुसार बिजली भी पूरी मिल रही है। उसके बावजूद शहर में लगने वाले अघोषित कट व लाइन में फाल्ट आने के कारण बिजली आपूर्ति ने लोगों को रुला दिया है। इस गर्मी में सबसे ज्यादा बिजली का सहारा होता है, क्योंकि बिजली से पंखे, कूलर व एसी चलाकर गर्मी से कुछ राहत मिल जाती है। उसके बावजूद पिछले कई दिनों से दिन व रात में लंबे कट लगाए जा रहे हैं। यहां पिछले चार दिन से रात में लगभग 11 बजे बिजली का कट लगता और उसके बाद सुबह करीब 9 बजे बिजली सप्लाई शुरू होती है। उसके बाद भी बिजली निगम लोगों को राहत देने की जगह दिन में कई बार में करीब दो से तीन घंटे के अघोषित कट लगा देता है। इस तरह यहां करीब 13 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही। जब लोग बिजली निगम के अधिकारियों से इस बारे में कहते हैं, तो वे दावा करते हैं कि उनकी ओर से शहर में 24 घंटे आपूर्ति की जा रही है और वे उनके रोस्टर रजिस्टर तक में दर्ज है। इससे ही बिजली निगम में बड़े खेल का पता चलता है।
विज्ञापन

लाइन में फाल्ट भी खूब आ रहे, अधिकारी नहीं करते सुनवाई
गर्मी में बिजली की सबसे ज्यादा जरूरत होती है और एसी, कूलर, पंखे चलने से लोड भी काफी बढ़ जाता है, जिससे लाइन में फाल्ट भी खूब आ रहे हैं। यहां बुधवार को शहर में कई जगह चार मरला, आठ मरला आदि में फाल्ट आया। आठ मरला में लोड के कारण केबल ही फुंक गई, जहां पहले ही अघोषित कट झेल रहे लोगों को केबल फुंकने से कई घंटे तक बिजली गायब रहने से परेशानी हुई। वहीं लोगों का आरोप है कि वह बिजली गायब होने पर अधिकारियों को फोन करते हैं तो वे सुनवाई तक नहीं करते हैं और उनको समस्या के समाधान के लिए कई-कई घंटे तक फोन करना पड़ता है।
व्यापार पर भी बड़ा असर, गर्मी में नहीं आते ग्राहक
शहर में रात को बिजली कटौती का केवल आम लोगों पर असर पड़ता है, लेकिन दिन में बिजली कटौती का असर व्यापारियों पर ज्यादा पड़ रहा है। अब सभी बड़े शोरूम पर ऑनलाइन बिल काटे जाते हैं तो सामान के दाम भी कंप्यूटर पर देखकर बताए जाते हैं। ऐसे शोरूम पर बिजली की ज्यादा कटौती होने पर इनवर्टर जवाब दे रहे हैं और इससे उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही दुकानों में बिजली नहीं होने से पंखा भी बंद होता है तो ग्राहक भी गर्मी में अंदर नहीं जाते है। इससे भी व्यापार पर काफी असर पड़ रहा है।
यह बोले शहर वासी
जिस तरह से गर्मी बढ़ जाती है, उसी तरह से बिजली की कटौती ज्यादा की जाती है। अब काफी स्थिति खराब है और दिन व रात दोनों समय में बिजली काट दी जाती है। बिजली इतनी ज्यादा कट होती है कि इनवर्टर भी डाउन हो जाते हैं। - मुकेश, वेस्ट रामनगर
पिछले कई दिनों से बिजली ने हालत ज्यादा खराब कर रखी है। किसी भी समय कट लगा दिया जाता है और उसके बाद कई-कई घंटे तक बिजली नहीं आती है। इससे काफी परेशान हो गए हैं। क्योंकि जब ज्यादा देर तक बिजली जाती है तो इनवर्टर भी चार्ज नहीं रहता है। - रविंद्र, जीवन नगर
बिजली के अघोषित कटों ने हालत खराब की हुई। बिजली के रात में कट लगने से ठीक से सो भी नहीं पाते हैं और दुकान पर भी आराम से नहीं बैठ सकते हैं। ग्राहक भी बिजली नहीं होने के कारण आने से हिचकते हैं। बिजली व्यवस्था भी सुधार नहीं हो रहा है।
- कंवलजीत, दुकानदार सुभाष चौक
बिजली के कट पहले इतने ज्यादा नहीं लगते थे, लेकिन अब बहुत लंबे कट लगते हैं। इस गर्मी में बिजली के सहारे राहत मिलती है। उसके बावजूद कट लगाकर बहुत बुरी हालत कर दी जाती है। अगर बिजली आती है तो कम वोल्टेज रहती है।
- जयकंवार, दुकानदार कच्चे क्वार्टर
वर्जन
बिजली निगम की ओर से इतना लंबा कोई कट नहीं लगाया जा रहा है। किसी जगह कोई परेशानी आती है तो उसे भी जल्द ही ठीक कर दिया जाता है। लोड ज्यादा होने के कारण कई बार समस्या आती है और यहां 220 केवीए के बिजली घर में कुछ समस्या थी, जिसे ठीक कर दिया गया है। यह उम्मीद है कि अब आगे से समस्या नहीं रहेगी।
विज्ञापन

- यशवीर सिंह, एक्सईएन सिटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें