सोनीपत। नागरिक अस्पताल में पिछले तीन दिन से अल्ट्रासाउंड सेवा बंद है। अस्पताल में चल रहे मरम्मत कार्य के चलते अल्ट्रासाउंड कक्ष को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। ऐसे में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनको निजी केंद्रों की तरफ रुख करना पड़ रहा है।
नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 80 से 90 मरीज अल्ट्रासाउंड कराते हैं। इनमें से 30 से 40 गर्भवती होती हैं। उन्हें नियमित जांच की आवश्यकता होती है। सेवा बंद होने की वजह से गर्भवतियों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। उन्हें बाहर से महंगे दामों पर जांच करवानी पड़ रही है।
अस्पताल में दो रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति होने से अल्ट्रासाउंड सुविधा में सुधार हुआ है लेकिन सुविधा बाधित होने से मरीजों की उम्मीदों को झटका लगा है।
अस्पताल के डीएमएस अधिकारी डॉ. आदित्य ने बताया कि अल्ट्रासाउंड कक्ष में जरूरी मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। उम्मीद है कि बुधवार तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद अल्ट्रासाउंड सेवा दोबारा शुरू हो जाएगी।