सोनीपत। गांव पिनाना के पास उबर में टैक्सी चलाने वाले एक युवक के साथ शनिवार को दोपहर तीन युवकों ने बुकिंग के बहाने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। युवकों ने पेचकस दिखाकर चालक को काबू किया और उसके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद चालक को सुनसान स्थान पर फेंककर उसकी कार व मोबाइल ले गए।
पीड़ित के बयान पर मोहाना थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव जौली निवासी मोनू ने मोहाना थाना में मुकदमा दर्ज कराया है कि वह अपनी स्विफ्ट डिजायर कार को उबर कंपनी में लगाकर टैक्सी में चलाता है। वह शनिवार दोपहर को घर पर था। इसी दौरान उबर एप से पिनाना से रोहतक की बुकिंग का मैसेज आया।
वह अपनी कार लेकर पिनाना गांव के पास हाईवे लोकेशन पर पहुंचा और एप में दिए गए नंबर पर संपर्क किया। मोबाइल पर उसे पिनाना फ्लाईओवर के नीचे बुलाया गया। वह वहां पहुंचा तो तीन युवक खड़े मिले। उन्होंने बताया कि उन्होंने कैब बुक की है और मोबाइल से ओटीपी बताया। एक युवक उसके साथ व दो पीछे की सीट पर बैठ गए।
गाड़ी रुकवाकर की पिटाई, मोबाइल छीना
मोनू ने पुलिस को बताया कि वह उन्हें भैंसवाल की तरफ लेकर रोहतक जाने को निकले थे। कुछ दूर जाते ही साथ वाली सीट पर बैठे युवक ने गाड़ी रोकने को कहा। जब उसने गाड़ी रोकी तो वह युवक अचानक उतरकर उनकी सीट की साइड में आया और खिड़की खोल दी। इसी दौरान पीछे बैठा एक युवक पेचकस से उन्हें डराकर धमकाते हुए कहा कि पीछे बैठ जा, अब गाड़ी हम चलाएंगे। डर के चलते वह पिछली सीट पर बैठ गया। आरोपियों ने हमला कर मोबाइल छीन लिया।
पंप पर पेट्रोल भरवाया, हाथ-पैर बांधकर झाड़ियों में फेंका
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी गाड़ी को भैंसवाल पेट्रोल पंप तक ले गए। वहां उसके मोबाइल से पेमेंट कर पेट्रोल भरवाया और कुछ नकदी ली। इसके बाद वह पिनाना की ओर लौटे और रास्ते में गाड़ी को पीछे की ओर झाड़ियों में ले जाकर रोक दिया। तीनों युवकों ने उसके हाथ-पैर परने से बांध दिए और उन्हें सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक कर उसकी कार, मोबाइल, पर्स व गाड़ी के कागजात लेकर भाग गए।
पीड़ित बोला सामने आए तो पहचान सकता हूं
मोनू ने तीनों युवकों की तलाश कर कार्रवाई की मांग की। साथ ही पुलिस को बताया कि वह युवकों के सामने आने पर पहचान सकता है। मोहाना थाना पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।