सोनीपत। गांव फाजिलपुर के युवक व उनके साथी को कनाडा भेजने का झांसा देकर 7.15 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। साइबर ठग ने फर्जी वेबसाइट और जाली दस्तावेजों के माध्यम से पीड़ितों को अपने झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से लाखों रुपये निकलवा लिये। मामले की शिकायत पर थाना साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव फाजिलपुर निवासी रविंद्र ने साइबर थाना में मुकदमा दर्ज कराया है कि उनकी व्हाट्सएप नंबर से अंकुर नाम के युवक संग पहचान हुई थी। अंकुर ने उन्हें व उनके साथी ककरोई रोड निवासी रोहित को कनाडा भेजने का झांसा दिया था। उस पर भरोसा कर दोनों युवकों ने एचडीएफएसी बैंक में खाते खुलवाए।
आरोप है कि अंकुर ने उनसे बैंक किट को कूरियर के माध्यम से नवी मुंबई स्थित पते पर भेजने को कहा। उन्होंने उसके दिए पते पर बैंक किट भिजवा दी। जिसमें बैंक से संबंधित कागजात थे। बैंक किट भेजने के बाद दोनों खातों से अलग-अलग रकम ट्रांसफर कर ली गई। रविंद्र के खाते से 3.15 लाख रुपये और रोहित के खाते से चार लाख रुपये निकाल लिए गए।
रकम सुरेश ज्वेलर्स, श्री जगदंबा ज्वेलर्स व शाहपुर वाइन स्टोर जैसे खातों में ट्रांसफर की गई। बाद में दोनों को पता लगा कि वह ठगी का शिकार हो गए हैं। इस पर उन्होंने 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। रविंद्र की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
किसी भी अजनबी व्यक्ति की तरफ से विदेश भेजने, नौकरी दिलाने या निवेश से संबंधित ऑफर मिलने पर पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें। किसी भी परिस्थिति में अपनी बैंक जानकारी, ओटीपी या बैंक किट किसी को न दें।
- इंस्पेक्टर बसंत कुमार, थाना प्रभारी, साइबर सोनीपत