सोनीपत। साइबर थाना पुलिस ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों महाराष्ट्र निवासी मुल्ला महबूब इमाम और बाशा पापामियां शेख को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो मोबाइल फोन मिले हैं। उनकी जांच की जा रही है। वहीं, आरोपियों के खाते में पड़े 67,500 रुपये भी फ्रीज करवाएं गए हैं।
खरखौदा की भगत सिंह काॅलोनी निवासी आदित्य ने 2 दिसंबर को शिकायत दी थी कि 26 नवंबर को उनके पास टेलीग्राम पर संदेश भेजकर उन्हें ग्रुप में जोड़ लिया गया। इसके बाद उनके साथ 90 हजार रुपये का एक्सचेंज किया गया। रुपये का लेनदेन बैंक अकाउंट्स में हुआ।
आदित्य ने बताया कि उन्होंने उनके खाते में 8,93,175 रुपये भेजे मगर उनको यूएसडीटी नहीं दी। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ तो मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मुल्ला महबूब इमाम और बाशा पापमियां शेख को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।