खरखौदा । क्राइम यूनिट खरखौदा की टीम ने 1.8 किलो गांजे के साथ उत्तर प्रदेश के शामली जिले के धौसा चौकी के रहने वाले समीर उर्फ मंगत व शामली के चौक बाजार कैराना फिलहाल रोहतक के गांव हसनगढ़ निवासी सावेज को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह मटिंडू से गांजा लेकर हसनगढ़ जा रहे थे।
क्राइम यूनिट, खरखौदा प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि उनकी एक टीम एसआई रत्न सिंह के नेतृत्व में गश्त पर थी। टीम को सूचना मिली कि मटिंडू से हसनगढ़ की तरफ दो युवक नशीला पदार्थ लेकर जाएंगे। इस पर टीम ने मौके पर जाकर नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में दो युवक बगैर नंबर प्लेट लगी बाइक पर सवार होकर आते हुए दिखाए दिए। उनको रोककर नाम-पता पूछा तो उन्होंने अपनी पहचान समीर और सावेज के रूप में दी। तलाशी लेने पर समीर के पास से 1.8 किलो ग्राम गांजा बरामद हुआ।
यूनिट प्रभारी का कहना है कि दोनों आरोपितों के खिलाफ खरखौदा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।