संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। गांव जटौला में मजदूरी मांगने पर युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पानीपत जिले के गांव जलालपुर-2 निवासी तारीक की शिकायत पर दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
तारीक ने पुलिस को बताया कि उनके गांव के फलीन और इंशार बोरिंग का काम करते हैं। दोनों उन्हें काम कराने के लिए गांव जटौला लेकर आए थे। वह पांच दिन से उनके साथ ट्यूबवेल लगाने का काम कर रहे थे।
उसने बताया कि 17 मई की रात वह जटौला निवासी मास्टर वीरेंद्र के खेत में काम कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मजदूरी मांगी तो दोनों ने देने से मना कर दिया। जबरन उनके साथ ही काम करने का दबाव बनाने लगे। इस बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि रात करीब साढ़े आठ बजे फलीन और इंशार फिर उनके पास आए। फलीन राॅड लिए हुए था। दोनों ने उनके साथ मारपीट की। फलीन ने राॅड से सिर और हाथों पर वार किए। इससे वह बेहोश हो गया। बाद में परिजन उसे खरखौदा के सरकारी अस्पताल लेकर गए जहां से उसे खानपुर कलां रेफर कर दिया गया।