सोनीपत। स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर-7 ने गोली चलाने के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव उदेशीपुर निवासी कंवर उर्फ कमलू और गांव सलारपुर माजरा निवासी राहुल हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी राहुल दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी कंवर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
हिसार जिले के गांव मोहला निवासी रिंकू ने 5 नवंबर को शिकायत दी थी कि वह अपने गांव के साथी जयपाल व सतीश के साथ कार में सवार होकर निजी काम से गांव बड़ौली आए थे। वह रास्ते से ही मुरथल फ्लाईओवर के नीचे से गाड़ी वापस मोड़कर अपने गांव के लिए चल पड़े। उन्होंने एनएच-352ए की सर्विस रोड पर सीएनजी पंप के पास लघु शंका करने के लिए अपनी गाड़ी को रोक दिया था। तभी अचानक पीछे से एक कार आई और उनकी गाड़ी के आगे रुकी थी। इसमें से तीन युवक उतरकर उनकी गाड़ी की खिड़की खोलने की कोशिश की थी। उन युवकों में एक के पास अवैध हथियार था। खिड़की के शीशे पर पिस्तौल के बट मारे तो उन्होंने बचने के लिए गाड़ी को पीछे किया था। युवक ने अपनी पिस्तौल से जाने से मारने की नीयत से गाड़ी के अगले शीशे पर सीधा फायर किया था। इस पर मुरथल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। मुरथल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रवीन को गिरफ्तार कर लिया था। अब स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने आरोपी कंवर उर्फ कमलू और राहुल को गिरफ्तार किया है।