फोटो 37- सोनीपत के गोहाना में फर्जी दस्तावेजों पर पासपोर्ट तैयार करवाने वाले गिरोह के आरोपी पुल
- फोटो : स्त्रोत- संगठन
गोहाना। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) सोनीपत की टीम ने फर्जी दस्तावेजों पर पासपोर्ट तैयार करवाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली में शाहदरा के बिजेंद्र जैन और उत्तरप्रदेश में सहारनपुर के रवि हैं। आरोपियों पर लाॅरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य अंकित नरवाल का फर्जी दस्तावेजों से पासपोर्ट बनवाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
गांव कथूरा के अंकित नरवाल ने दिल्ली के पते पर फर्जी पासपोर्ट तैयार करवाया था। पुलिस के अनुसार वह लाॅरेंस बिश्नोई का सदस्य है और विदेश भागने की फिराक में था। अंकित पर अलग-अलग थानों में चार मुकदमे दर्ज हैं। अंकित का पासपोर्ट 26 जुलाई 2024 को दिल्ली कार्यालय से जारी हुआ था। एसटीएफ को पता लगने पर उसके खिलाफ 14 दिसंबर को बरोदा थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया। पुलिस अंकित को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। अब इसी मामले में फर्जी दस्तावेजों पर पासपोर्ट तैयार करवाने वाले गिरोह में शाहदरा निवासी बिजेंद्र जैन व सहारनपुर के रवि कुमार को गिरफ्तार किया है। बिजेंद्र दिल्ली में पासपोर्ट तैयार करवाने का कार्यालय चलाता था। रवि ने बिजेंद्र की अंकित नरवाल का पासपोर्ट के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने में मदद की थी।
-
गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जाएगी कि फर्जी पासपोर्ट बनवाने में उनके साथ और कौन शामिल हैं। वह अब तक कितने लोगों के फर्जी दस्तावेजों पर पासपोर्ट तैयार करवा चुके हैं। जानकारी जुटाकर दूसरे आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
इंदीवर, डीएसपी, स्पेशल टास्क फोर्स