खरखौदा-बहादुरगढ़ वाया सोहटी मार्ग पर वीरवार रात रामपुर कुंडल गांव के पास ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी। टक्कर में हलालपुर गांव निवासी दीपक (33) और रणधीर (55) की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दीपक अपने ही गांव के युवक रणधीर की वैन किराए पर लेकर रिश्तेदारों को सफीदों छोड़कर वापस घर आ रहा था। हादसे से गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक हलालपुर निवासी दीपक ने अपने घर में धार्मिक अनुष्ठान कराया था। जिसके चलते उसके पारिवारिक सदस्यों के साथ ही उसके रिश्तेदार भी उसके घर पर आए थे। बृहस्पतिवार को कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दीपक अपने ससुराल से आए हुए रिश्तेदारों को छोड़ने सफीदों के पास स्थित मोहना के लिए चला। इसके लिए दीपक ने गांव के ही रणधीर की वैन को किराए पर लिया था। जिसमें अपने रिश्तेदारों को मोहना छोड़कर देर रात दोनों लौट रहे थे। करीब आधी रात को जब वे रामपुर कुंडल गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी वैन को टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। चालक ट्रक को छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना गांव में पहुंची तो पूरे गांव में मातम पसर गया वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया वहीं ट्रक को कब्जे में लेने के साथ ही चालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।